भोपाल(ईएमएस)। कमलानगर इलाके में एक निजी होम लोन कंपनी का कर्मचारी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। जालसाजों ने फर्जी लिंक के जरिए मोबाइल में ऐप डाउनलोड करवाकर उसके बैंक खाते से करीब 1 लाख 90 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस के अनुसार, अनूप सोनी, नेहरू नगर स्थित गोमती कॉलोनी में रहते है। कुछ दिन पहले इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर उन्हें आकर्षक ऑफर से जुड़ा हुआ एक लिंक दिखाई दिया। भरोसा कर उन्होंने क्लिक कर दिया। लिंक ओपन होते ही उन्हें एक मोबाइल एप डाउनलोड करने का विकल्प मिला, जिसे उन्होंने इंस्टॉल कर लिया। एप इंस्टॉल करते समय उन्होंने कई तरह की परमिशन भी दे दीं, जिसमें फोन की एक्सेस और अन्य जानकारी शामिल थी। इसके कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आने लगे। जब उन्होंने खाते की जांच की तो पता चला कि अलग-अलग किश्तों में कुल 1.90 लाख रुपये उनके खाते से निकल चुके है। ठगी का अहसास होते ही अनूप ने तत्काल पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। मामला ई-जीरो एफआईआर के माध्यम से कमलानगर थाने में दर्ज किया गया। पुलिस ट्रांजेक्शन डिटेल के आधार पर आगे की छानबीन कर रही है। जुनेद / 2 मई