इन्दौर (ईएमएस) प्रेम प्रसंग के चलते लखनऊ निवासी एक छात्र ने अपने होस्टल के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। मामला तेजाजी नगर थाना क्षेत्र का है। तेजाजी नगर थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम के अनुसार सेज यूनिवर्सिटी के होस्टल में रहने वाले छात्र उत्कर्ष उम्र इक्कीस साल ने फांसी लगाकर जान दे दी। उत्कर्ष मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला था। यहां रहकर बीटेक थर्ड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। उसके साथ रूम में दो छात्र भी रहते थे। वे जब डिनर करने के बाद कमरे पर पहुंचे, तो उत्कर्ष दरवाजा नहीं खोल रहा था। उन्होंने रोशनदान से झांककर देखा तो उत्कर्ष फंदे पर लटका दिखा। उन्होंने दरवाजा खोला और उसे फंदे से उतारा, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना के बाद मौके पहुंची पुलिस को उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें एक युवती से प्रेम प्रसंग का जिक्र किया हुआ है। थाना प्रभारी के अनुसार सुसाइड नोट में उसने लिखा कि वह निराश है। 15 तारीख को तुम मेरे साथ घूमने जाने वाली थीं, लेकिन किसी और के साथ घूमने चली गई। इसके अलावा भी उसने कई बातें लिखी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर सुसाइड नोट के साथ उत्कर्ष का मोबाइल भी जांच के लिए ले उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय भिजवा कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 02 मई 2026