राज्य
02-May-2026


-गांव में बन रहे थे 315 बोर के कट्टे; हथियार-उपकरण जब्त छतरपुर(ईएमएस)। छतरपुर पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के कांटी गांव में संचालित एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से देशी कट्टे, अधबने हथियार और निर्माण में उपयोग होने वाले भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कांटी गांव के एक मकान में लंबे समय से अवैध हथियार बनाने की सूचना मिल रही थी। इस इनपुट के आधार पर पुलिस टीम गठित कर निगरानी की जा रही थी। मुखबिर की पुख्ता सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर दबिश दी और फैक्ट्री का पर्दाफाश कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके से एक 315 बोर का तैयार देशी कट्टा और एक अधबना कट्टा मिला। इसके अलावा लोहे की नाल, ट्रिगर, स्प्रिंग, पाइप सहित बड़ी संख्या में हथियार बनाने के पाट्र्स भी बरामद किए गए। फैक्ट्री में उपयोग हो रहे ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन, हथौड़ी, फाइल, आरी और अन्य औजार भी जब्त किए गए हैं। जिले के बाहर फैला हो सकता है नेटवर्क पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में दो मुख्य आरोपी शामिल हैं, जो काफी समय से अवैध हथियार बनाकर सप्लाई कर रहे थे। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के नाम उजागर किए, जिन्हें बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसपी अगम जैन ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आशंका है कि इस गिरोह का नेटवर्क जिले के बाहर तक फैला हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध पर नियंत्रण रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। विनोद उपाध्याय / 02 मई, 2026