तिराप (ईएमएस)। अरुणाचल प्रदेश के तिराप जिले में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित एनएससीएन-के संगठन के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई खोंसा इलाके में संयुक्त ऑपरेशन के दौरान की गई। अधिकारियों के अनुसार, असम राइफल्स और राज्य पुलिस ने खोंसा के वांचो कॉलोनी में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान तीनों उग्रवादियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार लोगों की पहचान विंगन अगन (33), जॉनी रिबा (21) और राजापेयू खेचन खेतेय (30) के रूप में हुई है। सुरक्षा बलों ने इनके पास से दो 7.65 एमएम पिस्टल मैगजीन के साथ, नौ 7.65 एमएमए कारतूस, तीन मोबाइल फोन सिम कार्ड के साथ और 500 रुपए की ब्राउन शुगर बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए उग्रवादियों और जब्त सामान को आगे की जांच के लिए खोंसा पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। विनोद उपाध्याय / 02 मई, 2026