:: नेहरू स्टेडियम से आज सुबह शुरू होगा जागरूकता का सफर; महापौर ने की शहरवासियों से जल सक्षम बनने की अपील :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर को जल क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत आज यानी रविवार, 03 मई को शहर में भव्य “रन एंड बर्न साइक्लोथान” का आयोजन किया जा रहा है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशन में होने वाले इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना और “जल ही जीवन है” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है। यह साइक्लोथान प्रातः 5:30 बजे नेहरू स्टेडियम से प्रारंभ होकर जीपीओ चौराहा, राजीव गांधी चौराहा, मानिक बाग रोड, कलेक्टर चौराहा, टावर चौराहा, सपना संगीता और इंदिरा प्रतिमा से होते हुए पुनः नेहरू स्टेडियम पर समाप्त होगी। जल संरक्षण की इस मुहिम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक संगठनों ने मोबाइल नंबर 9584500420 पर अपना पंजीकरण कराया है। आयोजन में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों के लिए टी-शर्ट, केप, प्रमाण पत्र और रिफ्रेशमेंट के विशेष प्रबंध किए गए हैं। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शहरवासियों से आह्वान किया है कि जल संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे “जल सक्षम” इंदौर बनाने के संकल्प के साथ इस साइक्लोथान का हिस्सा बनें ताकि जल संवर्धन का संदेश समाज के हर वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुँच सके। प्रकाश/02 मई 2026