भोपाल (ईएमएस)। भारत की जनगणना-2027 संबंधी महत्वपूर्ण कार्य दायित्वों में उदासीनता एवं लापरवाही बरतने पर वार्ड क्र. 51 की वार्ड प्रभारी श्रीमती बबिता कापसे (मूलपद सहायक राजस्व निरीक्षक) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निगम के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेशानुसार वर्तमान में संपादित किये जा रहे जनगणना- 2027 संबंधी महत्वपूर्ण कार्य में वार्ड क्र. 51 की वार्ड प्रभारी श्रीमती बबिता कापसे को मकान सूचीकरण कार्य हेतु प्रगणक/सुपरवाइजरों को उनके कार्य क्षेत्र की स्पष्ट पहचान कराये जाने का दायित्व संबंधित चार्ज अधिकारी-06 द्वारा सौंपा गया है परंतु दूरभाष पर सूचित किये जाने के उपरांत भी श्रीमती कापसे आज दिनांक तक अपने कर्तव्य स्थल पर उपस्थित नहीं हुई जिससे जनगणना-2027 जैसे राष्ट्रीय महत्व का कार्य प्रभावित हुआ है। श्रीमती कापसे का उक्त कृत्य गंभीर लापरवाही, उदासीनता एवं कदाचार की श्रेणी में आता है। श्रीमती कापसे को जनगणना-2027 के अंतर्गत कार्य दायित्वों में उदासीनता एवं लापरवाही बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निगम प्रशासन ने जनगणना-2027 संबंधी कार्यों से संलग्न सभी प्रगणकों/सुपरवाइजरों को निर्देशित किया है कि वे जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन पूरी मुस्तैदी एवं तन्मयता के साथ करें। जनगणना संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता बरतने वालों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी।