देहरादून (ईएमएस)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उत्तराखंड के पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस के माध्यम से चलाए जा रहे अग्निवीर व अग्निपथ योजना के खिलाफ आन्दोलन का चतुर्थ चरण कुमाऊं मण्डल के बागेश्वर, पिथौरागढ, चम्पावत, नैनीताल व उधमसिंह नगर जिलों में चार मई से नौ मई तक आन्दोलन व हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा। यहां जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि आन्दोलन यात्रा रथ को उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से चार मई को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। नेगी ने कहा है कि अग्निवीर योजना के खिलाफ उत्तराखंड कांग्रेस के सैनिक विभाग द्वारा चलाए जा रहे राज्यव्यापी आंदोलन को जनता द्वारा भारी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में कोटद्वार, लैंसीडौन, सतपुली, पौड़ी, श्रीनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व आमजन में सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश दिखा। उन्होंने कहा कि दूसरा चरण कुमाऊँ-मंडल के पीरूमदारा, रामनगर, रानीखेत, अल्मोडा, हल्द्वानी बिन्दूखत्ता में पूर्व सैनिकों व आमजनता के साथ कांग्रेस के विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता यशपाल आर्य सहित वर्तमान व पूर्व विधायकों ने राज्यव्यापी चल रहे आंदोलन में प्रतिभाग किया। नेगी ने कहा है कि तीसरे चरण में सहसपुर, विकास नगर, चकराता, कालसी, नौगांव, उत्तरकाशी, टिहरी, नरेंद्र नगर, मसूरी में आमजन व कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों में यात्रा को लेकर भारी उत्साह व सरकार के प्रति आक्रोश दिखा। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/02 मई 2026