मनोरंजन
03-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। धुरंधर और धुरंधर 2 की जबरदस्त सफलता के बाद अभिनेता रणवीर सिंह की आगामी फिल्म प्रलय दर्शकों को रोमांच डोज देने के लिए तैयार हैं। फिल्म की शूटिंग अगस्त से शुरू होने वाली है। कुछ रिपोर्टों में हाल ही में दावा किया गया था कि रणवीर सिंह और निर्देशक जय मेहता के बीच क्रिएटिव मतभेदों के कारण फिल्म के निर्माण में रुकावट आ गई है, लेकिन फिल्म से जुड़े विश्वसनीय सूत्रों ने इन खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। जानकारी के अनुसार, प्रलय को लेकर फैलाई जा रही अनिश्चितता वाली खबरें पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार हैं। सूत्र ने स्पष्ट किया कि फिल्म का प्री-प्रोडक्शन काम पहले ही जोर-शोर से शुरू हो चुका है और रणवीर सिंह व निर्देशक जय मेहता स्क्रिप्ट को अंतिम रूप देने और फिल्म को भव्य पैमाने पर बनाने के लिए लगातार चर्चा कर रहे हैं। यह उनकी प्रतिबद्धता और प्रोजेक्ट के प्रति गंभीरता को दर्शाता है। प्रलय एक पोस्ट-एपोकैलिप्टिक थ्रिलर फिल्म है, जिसमें जॉम्बी ड्रामा को पूरी तरह नए और अनोखे अंदाज में फिल्माया जाएगा। यह फिल्म वीएफएक्स पर आधारित एक भव्य एक्शन थ्रिलर होगी, जिसका अनुमानित बजट लगभग 300 करोड़ रुपए है। फिल्ममेकर इसे भारतीय सिनेमा के अब तक के सबसे बड़े और शानदार प्रोजेक्ट्स में से एक बनाने की तैयारी कर रहे हैं, जो दर्शकों को एक विस्मयकारी अनुभव देगा। फिल्म धुरंधर फ्रेंचाइजी की अपार सफलता के बाद, रणवीर सिंह इस फिल्म में एकदम नए और अलग अंदाज में नजर आने वाले हैं। फिल्म की कहानी एक डिस्टोपियन दुनिया पर आधारित है, जहां अस्तित्व के लिए संघर्ष और रोमांचक मोड़ दर्शकों को अपनी सीट से बांधे रखेंगे। फिल्म की कहानी को जय मेहता और विशाल कपूर ने मिलकर लिखा है, जो एक दमदार पटकथा का वादा करता है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को हंसल मेहता की ट्रू स्टोरी फिल्म्स और रणवीर सिंह की मां कसम फिल्म्स के बैनर तले अपलॉज एंटरटेनमेंट के सहयोग से तैयार किया जा रहा है। सूत्र ने यह भी स्पष्ट किया कि रणवीर और जय मेहता के बीच एक बेहतरीन तालमेल है और दोनों फिल्म को भव्य स्तर पर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। गौरतलब है कि पहले कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि प्रलय उपन्यास ब्लाइंडनेस पर आधारित है, लेकिन हंसल मेहता ने इन खबरों का खंडन किया था, जिससे फिल्म की मौलिकता और अनोखेपन पर और जोर दिया गया। सुदामा/ईएमएस 03 मई 2026