मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की प्रतिष्ठित गायिका श्रेया घोषाल ने अपने बेहद खास ऑल हार्ट्स टूर को एक लाइव एल्बम के रूप में अपने प्रशंसकों के लिए पेश किया है, जो उनके वैश्विक संगीत सफर की एक यादगार कड़ी है। यह एल्बम उन यादों, भावनाओं और अनुभवों का एक अनूठा कलेक्शन है, जिन्हें उन्होंने अपने वर्ल्ड टूर के दौरान विभिन्न शहरों और मंचों पर महसूस किया। यह लाइव एल्बम अब सोनी म्यूजिक इंडिया के तहत जारी किया गया है। श्रेया घोषाल ने बताया कि यह सफर उनके जीवन के सबसे खास और यादगार अनुभवों में से एक रहा है। श्रेया घोषाल ने इस एल्बम के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा, यह सफर एक साल से भी ज्यादा समय तक चला और इस दौरान मैंने दुनिया के कई बड़े शहरों में परफॉर्म किया। हर शहर, हर मंच और हर दर्शक मेरे दिल के करीब बनता चला गया। कहीं कार्यक्रम का माहौल इतना ऊर्जावान था कि वह यादगार बन गया, कहीं दर्शकों का अपार प्यार दिल छू लेने वाला था, और कहीं गानों की लिस्ट इतनी खास थी कि वह पल हमेशा के लिए स्मृति में बस गया। यही वजह थी कि मैं और मेरी टीम ने सोचा कि इन सभी खास पलों को सिर्फ यादों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इन्हें एक एल्बम के रूप में हमेशा के लिए सुरक्षित कर लेना चाहिए ताकि मेरे प्रशंसक भी इसका हिस्सा बन सकें। उन्होंने आगे कहा, इस एल्बम के लिए गानों का चुनाव करना आसान नहीं था। अलग-अलग शहरों में हुए कार्यक्रमों की रिकॉर्डिंग में कई खूबसूरत पल थे। ऐसे में यह तय करना काफी मुश्किल था कि किन परफॉर्मेंस को चुना जाए, जो उस पल की सही भावना को कैप्चर कर सकें। मेरी कोशिश यही रही कि हर जगह से सबसे बेहतरीन रिकॉर्डिंग को लिया जाए ताकि उस मंच की भावना और ऊर्जा लोगों तक पहुंच सके और वे उस अनुभव को महसूस कर सकें। श्रेया घोषाल ने अपने टूर के कुछ खास इवेंट्स और मंचों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, डॉल्बी थिएटर में परफॉर्म देना मेरे लिए बेहद भावुकता भरा अनुभव था। यह दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित मंचों में गिना जाता है और यहां बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह आयोजित होते हैं। ऐसे मंच पर गाना किसी भी कलाकार के लिए एक सपना होता है। इसके अलावा, उन्होंने फॉक्स थिएटर की यादों को भी खास बताया, यह ऐतिहासिक थिएटर बेहद खूबसूरत है और भारतीय संगीत जगत की महान गायिका लता मंगेशकर भी यहां परफॉर्म कर चुकी हैं। ऐसे मंचों पर गाना मेरे लिए इतिहास और भावनाओं से जुड़ने जैसा अनुभव था। श्रेया घोषाल ने कहा कि इस टूर के दौरान गाए गए गानों को हर बार थोड़ा अलग अंदाज में पेश किया गया। मैं और मेरी टीम हमेशा कोशिश करते थे कि हर परफॉर्मेंस में कुछ नया जोड़ा जाए। कभी म्यूजिक में बदलाव किया जाता, तो कभी गाने की धुन या परफॉर्मेंस में नया एहसास लाया जाता। स्टेज पर गाए गए कई गाने ऐसे थे, जो उसी पल के लिए खास बन गए और हमेशा याद रखे जाएंगे। यह एल्बम उनकी कलात्मकता और वैश्विक प्रभाव का एक प्रमाण है। बता दें कि भारतीय संगीत जगत की मशहूर और प्रतिष्ठित गायिका श्रेया घोषाल ने अपनी सुरीली आवाज और जादुई गानों के जरिए लाखों लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाई है। सुदामा/ईएमएस 03 मई 2026