- अभी बच्चा है, पर उसकी बल्लेबाजी कमाल की: शिखर धवन नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने राजस्थान रॉयल्स के युवा और तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के भारत के लिए पदार्पण की संभावनाओं पर एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। धवन ने कहा है कि भले ही वैभव की उम्र मात्र 15 साल है, लेकिन जब कोई खिलाड़ी उच्च स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहा हो तो उम्र कोई बाधा नहीं रहती। उन्होंने वैभव के निडर रवैये की जमकर सराहना की, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाजों के खिलाफ भी बेखौफ होकर खेलते हैं। धवन ने इस बात पर जोर दिया कि इतनी कम उम्र में ऐसा आत्मविश्वास बहुत कम खिलाड़ियों में देखने को मिलता है, जो वैभव के खेल में साफ झलकता है। हाल ही में अपने एक इंटरव्यू में बात करते हुए शिखर धवन ने कहा, अगर वैभव सूर्यवंशी सीनियर लेवल पर लाजवाब प्रदर्शन कर रहा है तो उसे उसकी योग्यता के आधार पर आंकना चाहिए, न कि उसकी उम्र के आधार पर। हां, वह अभी बच्चा है, लेकिन जिस तरह से वह जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह जैसे शीर्ष गेंदबाजों की गेंदों पर इतने बड़े छक्के मारता है, वह वाकई कमाल का है। बहुत से बड़े खिलाड़ी इतनी कम उम्र में वह हासिल नहीं कर पाए जो उसने किया है। जाहिर है, उसका समय आएगा। यह आना ही है। आईपीएल 2025 के बाद से लगातार युवा क्रिकेट और फिर आईपीएल में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से धूम मचा रहे वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में सबसे पहले 400 रनों का आंकड़ा छूने वाले बल्लेबाज बने हैं। उनका स्ट्राइक रेट 238.10 का है, जो किसी भी लीग में असाधारण है। वह अब तक 37 छक्के जड़ चुके हैं, जबकि उनके चौकों की संख्या छक्कों से कम है, जो उनकी आक्रामक खेल शैली को दर्शाता है। इस शानदार प्रदर्शन के बाद से ही हर कोई इस बात की वकालत कर रहा है कि वैभव को जल्द से जल्द भारत की सीनियर टीम में शामिल किया जाना चाहिए। हालांकि, शिखर धवन का मानना है कि इस युवा प्रतिभा के लिए अभी भारतीय टॉप ऑर्डर में जगह बनाना एक बड़ी चुनौती है। धवन ने स्वीकार किया कि भारतीय टीम के स्थापित टॉप ऑर्डर में सेंध लगाना वैभव सूर्यवंशी के लिए फिलहाल मुश्किल है। भारत ने हाल ही में 2026 टी20 विश्व कप जीता है और संजू सैमसन व अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ी भी शानदार फॉर्म में हैं, ऐसे में इस युवा खिलाड़ी को आसानी से मौका नहीं मिलेगा। वनडे क्रिकेट में कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा ओपनर के तौर पर अपनी जगह मजबूत कर चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट में यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल भी अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। बैकअप ओपनर्स के तौर पर उन्हें टीम के साथ रखा जा सकता है, लेकिन उसके लिए भी भारत के पास पर्याप्त और अनुभवी विकल्प मौजूद हैं। डेविड/ईएमएस 03 मई 2026