नई दिल्ली (ईएमएस)। बैंकिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनी कोटक महिंद्रा बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे पेश कर दिए हैं। जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक बैंक ने अपने मुनाफे में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की है। बैंक का समेकित मुनाफा सालाना आधार पर 10 प्रतिशत बढ़कर 5,423 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। अगर सिर्फ स्टैंडअलोन आधार पर बात करें तो बैंक के मुनाफे में 13 फीसदी का उछाल आया है, जो अब 4,027 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल इसी तिमाही में यह आंकड़ा 3,552 करोड़ रुपये था। बैंक की इस कामयाबी के पीछे प्रोविजनिंग में आई भारी कमी और एसेट क्वालिटी का बेहतर होना मुख्य वजह मानी जा रही है। बैंक की ब्याज से होने वाली शुद्ध आय में भी सुधार देखा गया है। सालाना आधार पर इसमें 8 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 7,876 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। हालांकि, अन्य आय के मामले में बैंक को मामूली गिरावट झेलनी पड़ी, जो 2 प्रतिशत घटकर 3,116 करोड़ रुपये रह गई। सतीश मोरे/03मई ---