इन्दौर (ईएमएस) अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन परिषद का 39 वां राष्ट्रीय अधिवेशन अनिल पारस दास जैन की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। अधिवेशन के पूर्व राष्ट्रीय प्रबंधकारिणी समिति की बैठक हुई जिसमें उपस्थित सदस्यों ने अनिल पारसदास जी के अध्यक्ष पद पर हुए मनोनयन को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की। परिषद् की अध्यक्ष श्रीमती मुक्ता राजेश जैन ने बताया कि इस अवसर पर सुरेश जैन आइएएस द्वारा अनिल जैन को अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई गयी। संस्था परिचय देते हुए नवनियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि यह परिषद एकमात्र ऐसी राष्ट्रीय स्तर की संस्था है जिसका अपना स्वयं का भवन दिल्ली जैसे महानगर में स्थित है। उन्होंने पंचकल्याणक पर होने वाले अपव्यय को रोककर उस राशि को जनकल्याणकारी कार्यों के उपयोग में लाने पर बल दिया। उन्होंने पदाधिकारी मंडल के 11 सदस्यों के नाम की घोषणा भी की। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सागर के विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि परिषद का 103 वर्ष पुराना संगठनात्मक इतिहास है। संस्था ने समाज सुधार के ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया व महिला वर्ग से परिषद को सशक्त बनाने का आव्हान किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में महिदपुर विधायक दिनेश जैन ने जैन समाज से जियो और जीने दो के सिद्धांत पर चलने का आग्रह करते हुए आर्थिक समीकरण सुधारने पर बल दिया। आपने समाज को संगठित होने व सभी समुदायों को एक साथ चलने की प्रेरणा दी। परिषद के सम्मान समारोह की परंपरा में शैलेन्द्र जैन विधायक सागर, सुरेश जैन आईएएस भोपाल तथा प्रांतीय अध्यक्षों में क्रमशः सुनील जैन सागर, अशोक जैन गुरुग्राम, सतीश जैन हरिद्वार, डॉक्टर अखिल बंसल जयपुर,सुनील जैन दिल्ली, जितेन्द्र जैन आगरा,प्रशांत जैन (युवा परिषद ) सागर को प्रतीक चिन्ह, माला, दुपट्टा एवं परिषद गौरव पुरस्कार सर्व श्री डी. आर.जैन, ए. के. जैन तथा श्रीमती आशा विनायका को प्रदान किया। परिषद का सर्वोच्च पुरस्कार परिषद शिरोमणि रत्न निवर्तमान अध्यक्ष चक्रेश जैन को व डॉक्टर जीवन लाल जैन को मरणोपरांत प्रदान किया गया। समारोह में अशोक गोयल, सरला जैन, पुनीत जैन,रेनू जैन, नीरज जैन, सुभाष बड़जात्या, जिनेन्द्र जैन, सुरेन्द्र कुमार, सरला सामरिया,प्रभा जैन आदि सहित देश भर से प्रतिनिधि शामिल हुए। आनंद पुरोहित/ 03 मई 2026