नई दिल्ली (ईएमएस)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने अपने हवाई क्षेत्र में सामान्य उड़ान संचालन को पूरी तरह बहाल करने की घोषणा की है। देश के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (जीसीएए) ने बताया कि सुरक्षा और परिचालन स्थिति की विस्तृत समीक्षा के बाद यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पहले एहतियातन उठाए गए कुछ कदमों को अब हटा लिया गया है। जीसीएए ने एयरस्पेस की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार रियल-टाइम निगरानी जारी रखने का आश्वासन दिया है। इसके लिए तकनीकी और ऑपरेशनल टीमें पूरी तरह तैयार हैं, ताकि किसी भी नई स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। प्राधिकरण ने इस दौरान यात्रियों और एयरलाइंस के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और लोगों को जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करने की सलाह दी है। सतीश मोरे/03मई ---