क्षेत्रीय
03-May-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। रेलवे क्षेत्र स्थित बराखोली बंगला यार्ड में आयोजित श्री श्री सोलापुरी माता पूजा के आठवें दिन श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। माता का दिव्य स्वरूप महाकाली के रूप में सजाया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।खडग़पुर से आए पुजारी पार्थ सारथी एवं बाल पुजारियों द्वारा गीली हल्दी से निर्मित सोलापुरी माता की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। ढपली की थाप पर हुई महाआरती ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान काली नृत्य की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। - जागरण और अतिथियों की मौजूदगी रात्रि में कृष्णा लाइट, के. के. राव एवं नीरज लाइट के सौजन्य से जागरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी, दीपक सिंह ठाकुर एवं सुषांत शुक्ला उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए श्रद्धालुओं को संबोधित किया। - महाप्रसाद वितरण में उमड़ी भीड़ पूजा के बाद भक्तों के लिए महाप्रसाद में पूरी-सब्जी का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर माता का आशीर्वाद लिया। - आज महा कुम्भम पूजा और विसर्जन समिति द्वारा 3 मई को महा कुम्भम पूजा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 51 प्रकार के प्रसाद के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसी दिन शाम 6 बजे माता की विसर्जन यात्रा पंडाल से मरी माई मंदिर तक निकाली जाएगी।पूरे आयोजन को सफल बनाने में समिति के सचिव एस. साई भास्कर, कोषाध्यक्ष बी. शंकर राव सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। - 03 मई 2026