क्षेत्रीय
03-May-2026
...


- पांच मिनट में हो रही जनगणना, हाईटेक सिस्टम से काम आसान - रामा ग्रीन सिटी में जनगणना कार्य का अफसरों ने लिया जायजा बिलासपुर (ईएमएस)। राष्ट्रीय जनगणना कार्य के दूसरे दिन जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह और नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने नगर निगम क्षेत्र के जोन क्रमांक 7 अंतर्गत वार्ड 58 स्थित रामा ग्रीन सिटी फेज-2 में पहुंचकर जनगणना कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खुद प्रगणक की भूमिका निभाते हुए कुछ घरों में जाकर नागरिकों से जानकारी एकत्रित की और उसे ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज किया। इस पहल से जहां कर्मचारियों का उत्साह बढ़ा, वहीं नागरिकों में भी जागरूकता देखने को मिली। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद प्रगणकों और कर्मचारियों से चर्चा कर कार्य की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। - नीतिगत निर्णयों के लिए जनगणना महत्वपूर्ण कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जनगणना देश के विकास और नीतिगत निर्णयों का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सही और पूर्ण जानकारी देकर इस कार्य में सहयोग करें। प्रगणकों ने बताया कि हाईटेक व्यवस्था के कारण एक घर की जानकारी दर्ज करने में औसतन मात्र पांच मिनट का समय लग रहा है और 33 बिंदुओं पर आधारित जानकारी आसानी से पोर्टल में अपलोड की जा रही है। - पूर्ण रूप से गोपनीय रहेगी जनगणना की जानकारी निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे व अधिकारियों ने बताया कि जनगणना में एकत्रित सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं। व्यक्तिगत आंकड़ों को किसी भी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं किया जाता और न ही यह सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत उपलब्ध कराई जाती है। इन आंकड़ों का उपयोग केवल शासन की योजनाओं और नीतियों के निर्माण के लिए किया जाता है। - 03 मई 2026