कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने अवैध खाद्य मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने राताखार बाईपास क्षेत्र में दबिश देकर अवैध खाद्य मादक पदार्थ बिक्री कर रहे दो कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा हैं की पुलिस को मुखबिर सूचना मिली थी कि कुछ युवक अवैध रूप से अवैध खाद्य मादक पदार्थ बेचने की तैयारी में हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 1.05 किलो अवैध खाद्य मादक पदार्थ बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई जा रही है। कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत जिले में नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस ने साफ कहा है कि मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी कार्यवाही जारी रहेगी। 03 मई / मित्तल