राज्य
03-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मध्य रेल ने अपने माल ढुलाई परिचालन को सुदृढ़ करते हुए 02 मई को नव अधिसूचित इगतपुरी गुड्स शेड से पहली बार ऑटोमोबाइल लोडिंग सफलतापूर्वक प्रारंभ की है। इस सेवा के लिए प्रथम इंडेंट M/s ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (TCOI) द्वारा दिया गया, जिससे क्षेत्र में लॉजिस्टिक दक्षता के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। इस अवसर पर कुल 100 कारों को 25 एनएमजी (न्यू मॉडिफाइड गुड्स) वैगनों में लोड किया गया है, जिन्हें वाहनों के सुरक्षित एवं कुशल परिवहन के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया है। यह रेक उत्तर पूर्व रेलवे के नौतनवा गुड्स टर्मिनल के लिए प्रेषित की गई है, जिससे प्रति रेक लगभग 17,16,750 रूपये का राजस्व प्राप्त होने की अपेक्षा है। लोड किए गए वाहन नासिक स्थित महिंद्रा एंड महिंद्रा संयंत्र से प्राप्त विभिन्न मॉडलों का मिश्रित समूह हैं। इगतपुरी गुड्स शेड के उपयोग से नासिक औद्योगिक क्षेत्र के निर्माताओं को एक सुलभ एवं सुव्यवस्थित लोडिंग प्वाइंट उपलब्ध हुआ है, जिससे परिवहन समय एवं लॉजिस्टिक लागत में कमी आएगी। इगतपुरी गुड्स शेड को ऑटोमोबाइल लोडिंग हेतु अधिसूचित करना मध्य रेल के माल ढुलाई विविधीकरण के प्रयासों का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत ऑटोमोबाइल उद्योग को एंड-टू-एंड समाधान प्रदान किया जा रहा है। सड़क परिवहन की तुलना में रेल परिवहन कार्बन उत्सर्जन एवं राजमार्ग भीड़ को कम करने में सहायक है। ऑटोमोबाइल परिवहन में सड़क से रेल की ओर स्थानांतरण, थोक लॉजिस्टिक्स के लिए अधिक टिकाऊ, तेज एवं किफायती विकल्प सिद्ध हो रहा है। मध्य रेल का मुंबई मंडल “गति शक्ति” दृष्टिकोण के अंतर्गत अपने माल ढुलाई हिस्सेदारी को बढ़ाने हेतु नए कमोडिटी एवं बाजारों की निरंतर पहचान कर रहा है। संतोष झा- ०३ मई/२०२६/ईएमएस