क्षेत्रीय
03-May-2026


डोंबिवली, (ईएमएस)। ट्रांसपोर्ट कंपनी में निवेश के नाम पर दोस्तों से 36 लाख रुपये की ठगी कर फरार हुए एक युवक को आखिरकार एक साल बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दरअसल आरोपी अपनी पत्नी को कॉल करने के बाद पुलिस के जाल में फंस गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रैक कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम आशिष पवार है और पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, डोंबिवली इलाके में रहने वाले आशिष पवार ने अपने तीन दोस्तों को ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में निवेश करने का लालच दिया था। इसके बाद उसने उनसे कुल 36 लाख रुपये ले लिए और अचानक गायब हो गया। इस दौरान उसकी पत्नी ने विष्णुनगर पुलिस स्टेशन में पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान एक चौंकाने वाली बात सामने आई कि फरार रहने के बावजूद आशिष अपनी पत्नी के संपर्क में था। दोस्तों के पैसे लौटाने के डर से वह भाग गया था। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर उसके मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की, जिससे पता चला कि वह अक्कलकोट में एक कंपनी में काम कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आशिष पवार के खिलाफ एक साल पहले ही मामला दर्ज किया गया था और अब आगे की जांच जारी है। संतोष झा- ०३ मई/२०२६/ईएमएस