रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की सप्लाई करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में दुर्ग जिले से जुड़े एक तस्कर को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। टीम को सूचना मिली थी कि नरैय्या तालाब स्थित सुलभ शौचालय के पास कुछ युवक हेरोइन लेकर बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके पास से कुल 11 ग्राम 990 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 2.40 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर सिंह पिता जसवीर सिंह उम्र 23 वर्ष निवासी निगम के पीछे, न्यू खुर्सीपार थाना खुर्सीपार भिलाई जिला दुर्ग, मोहम्मद अयान पिता मोहम्मद रफीक उम्र 20 वर्ष निवासी अय्युब होटल के बाजू सर्विस रोड संजय नगर थाना टिकरापारा रायपुर, उबैद रजा पिता नईम रजा उम्र 19 वर्ष निवासी मुन होटल के बाजू गली, बैजनाथपारा रायपुर थाना सिटी कोतवाली रायपुर और मोहम्मद सरीफ पिता अब्दुल वहाब उम्र 24 वर्ष निवासी बैरनबाजार जामा मस्जिद के बाजू गली थाना सिटी कोतवाली रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 21(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से मामले में अन्य आरोपियों और नेटवर्क की जानकारी के लिए पूछताछ की जा रही है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/03 मई 2026