रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन तिहार’ को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने इस कार्यक्रम को “जनता के साथ धोखा 2.0” करार देते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। श्री ठाकुर ने कहा कि पिछले सुशासन तिहार में 40 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, लेकिन अधिकांश मामलों का निराकरण नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि जब समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, तो इस बार फिर से आवेदन लेने का क्या औचित्य है। धनंजय सिंह ठाकुर ने ने कहा कि पिछले वर्ष लाखों लोगों ने विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं के लिए आवेदन दिए थे, जिनमें प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला गैस योजना, राशन कार्ड और सड़क-पुल निर्माण जैसी मांगें शामिल थीं। उन्होंने सरकार से मांग की कि इन आवेदनों में से कितनों का समाधान हुआ, इसकी सूची सार्वजनिक की जाए। श्री ठाकुर ने भाजपा सरकार के चुनावी वादों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 500 रुपये में गैस सिलेंडर, एक लाख सरकारी नौकरियां, शिक्षकों की भर्ती, महिला स्व-सहायता समूहों को काम, पेयजल व्यवस्था, महतारी वंदन योजना का लाभ, शराबबंदी और अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण जैसे मुद्दों पर अब तक ठोस प्रगति नजर नहीं आई है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/03 मई 2026