कल्याण, (ईएमएस)। मौज-मस्ती और घूमने के लिए दोपहिया वाहन चोरी करने वाले चार युवकों को कल्याण के बाजारपेठ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम समर्थ पाटील, हर्ष परदेशी, प्रणित शितप और सागर ढवले हैं। पुलिस के अनुसार, ये चारों आरोपी सिर्फ घूमने और मजा करने के लिए बाइक चोरी करते थे। खास बात यह है कि ये लोग चोरी की गई बाइक कुछ दूरी तक चलाते थे और जब उसमें पेट्रोल खत्म हो जाता था, तो उसे वहीं छोड़ देते थे। इसके बाद वे फिर नई बाइक चोरी करके राइडिंग करते थे। बाजारपेठ पुलिस ने जाल बिछाकर इन युवकों को पकड़ा और उनके पास से 7 अलग-अलग दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। इस मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपियों ने और भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं, इसकी भी जांच पुलिस कर रही है। जाँच अधिकारी प्रशांत आंधले ने कहा, “इस मामले में सबसे पहले सीसीटीवी की मदद से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि उसके कुछ दोस्त भी इसी तरह की चोरी करते हैं। इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। खास बात यह है कि ये चारों सिर्फ स्कूटी ही चोरी करते थे। चारपहिया वाहन चोरी कर उसे बेचने जैसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।” मामले की जांच पुलिस कर रही है। संतोष झा- ०३ मई/२०२६/ईएमएस