03-May-2026
...


ग्वालियर (ईएमएस)। नगर निगम ग्वालियर द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के अंतर्गत आज छत्री बाज़ार में आयोजित स्वच्छता संवाद कार्यक्रम में एक बेहद भावुक और प्रेरणादायी क्षण देखा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय कैबिनेट मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाहा जी ने अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट प्रमोद धनेले को स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर का आधिकारिक प्रमाण-पत्र प्रदान किया। - ​मौत को मात देकर समझा स्वच्छता का मोल: प्रमोद धनेले ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि 3 फरवरी 2022 को हुए एक भीषण हादसे में उन्होंने अपना पैर खो दिया था। उन्होंने बताया, अस्पताल के उसी वॉर्ड में मेरे साथ एक और व्यक्ति था जिसका पैर कटा था। गंदगी और असावधानी के कारण उसे इन्फेक्शन हुआ और वह दुनिया छोड़ गया, लेकिन मैंने स्वच्छता को अपनाया और आज मैं आपके सामने हूँ। उस दिन मुझे समझ आया कि बीमारी बड़ी नहीं होती, इन्फेक्शन बड़ा होता है। यदि हम इन्फेक्शन रोक लें, तो जीवन बच सकता है। - ​कश्मीर से कन्याकुमारी तक स्वच्छता का संदेश: एक पैरा एथलीट के रूप में प्रमोद धनेले की उपलब्धियां अद्वितीय हैं। उन्होंने बताया कि चाहे कश्मीर से कन्याकुमारी की यात्रा हो, दिसंबर में गोवा का सफर हो या अन्य कोई भी खेल आयोजन, वे हर मंच से स्वच्छता की अलख जगा रहे हैं। उनका मानना है कि स्वच्छता सिर्फ़ दिखावा नहीं, बल्कि जीवन बचाने का एक मूल्यवान साधन है। - ​नागरिकों से मार्मिक अपील: श्री धनेले ने कहा कि हम मुट्ठी भर लोग मिलकर पूरे शहर को साफ नहीं रख सकते जब तक नागरिक अपनी जिम्मेदारी न समझें। उन्होंने अपील की कि हर व्यक्ति अपना कचरा केवल कचरा संग्रहण गाड़ी में ही डाले। माननीय मंत्री जी ने प्रमोद के इस जज्बे को सलाम करते हुए उन्हें युवाओं के लिए एक आइडियल बताया। ​उपस्थिति: इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय (IAS), अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव (IAS), पार्षद संजीव पोतनीस, पार्षद मोहित जाट सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।