राष्ट्रीय
03-May-2026
...


-यूपीएससी क्रैक कर सिविल सेवा छोड़ी अब आध्यात्म की डगर में... वृंदावन,(ईएमएस)। यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्रों के बीच लोकप्रिय और पूर्व सिविल सेवा अधिकारी डॉ. तनु जैन एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में वे वृंदावन पहुंचीं, जहां उन्होंने आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। डॉ. तनु जैन, जिन्हें छात्र “तनु मैम” के नाम से जानते हैं, ने भक्ति और मन की द्वंद्व स्थिति को लेकर प्रेमानंद महाराज से सवाल किया। उन्होंने कहा कि कई बार मन और बुद्धि के बीच टकराव की स्थिति बन जाती है, जिससे आंतरिक शांति प्रभावित होती है। इस पर प्रेमानंद महाराज ने नामजप को समाधान बताया। उन्होंने कहा कि “राम, कृष्ण, हरि या राधा किसी भी नाम का नियमित जप करने से मन और बुद्धि दोनों शुद्ध होते हैं और द्वंद्व समाप्त हो जाता है।” उन्होंने यह भी कहा कि भजन के बिना मानसिक अशांति दूर नहीं हो सकती। प्रेमानंद महाराज ने समझाया कि यदि कोई व्यक्ति लंबे समय तक नियमित रूप से नामजप करता है, तो धीरे-धीरे उसमें रुचि स्वयं विकसित हो जाती है। उन्होंने इसे उदाहरण देकर समझाया कि जैसे लालची व्यक्ति के लिए धन सबसे बड़ा आकर्षण होता है, वैसे ही साधक के लिए भक्ति स्वाभाविक रूप से महत्वपूर्ण हो जाती है। कौन हैं चर्चित रहने वाली तनु जैन डॉ. तनु जैन का शैक्षणिक और पेशेवर सफर भी काफी चर्चित रहा है। उन्होंने 2015 में यूपीएससी परीक्षा पास की थी और बाद में आर्म्ड फोर्सेस हेडक्वार्टर सिविल सर्विस में सहायक निदेशक के पद पर कार्य किया। लगभग 7 वर्षों की सेवा के बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर शिक्षा और कोचिंग क्षेत्र में कदम रखा। वर्तमान में वे “तथास्तु” नाम से यूपीएससी कोचिंग संस्थान चला रही हैं और सोशल मीडिया पर भी छात्रों को मार्गदर्शन देती हैं। उन्होंने डेंटल सर्जरी और कानून की पढ़ाई भी की है। उनके सुर्खियों में बने रहने और प्रेरणादायक यात्रा के कारण वे यूपीएससी उम्मीदवारों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से मुलाकात करने के बाद डॉ तनु एक बार फिर सुर्खियां बटोर रही हैं। उन्होंने ऐसा करके आध्यात्म और करियर के बीच संतुलन पर चर्चा को नई दिशा प्रदान कर दी है। यह ऐसा उदाहरण है जहां सफलता के बावजूद मानसिक शांति की खोज महत्वपूर्ण बनी हुई है। हिदायत/ईएमएस 03मई26