राष्ट्रीय
03-May-2026


चेन्नई(ईएमएस)। चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार सुबह लैंडिंग के दौरान एयर अरेबिया की चलती फ्लाइट में एक यात्री इमरजेंसी गेट खोलकर नीचे कूद गया। यह फ्लाइट शारजाह से चेन्नई पहुंची थी और इसमें 231 यात्री सवार थे। घटना सुबह करीब 3:23 बजे हुई। एयरबस ए320 मॉडल की फ्लाइट जी9 471 रनवे से टर्मिनल की ओर बढ़ रही थी। घटना के बाद पायलट ने तुरंत विमान को रोक दिया और एयरपोर्ट अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद सीआईएसएफ, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान 29 साल के मोहम्मद शरीफ मोहम्मद नजमुद्दीन के रूप में हुई है। वह तमिलनाडु के पुडुकोट्टई का रहने वाला है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है। घटना के कारण थोड़ी देर के लिए एयरपोर्ट पर ऑपरेशन भी प्रभावित हुआ। विनोद उपाध्याय / 03 मई, 2026