मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा ने पाकिस्तान में जासूसी के आरोप में गिरफ्तार सरबजीत सिंह की पुण्यतिथि पर उनके लिए एक भावुक पोस्ट साझा की। अभिनेता ने इंस्टाग्राम के जरिए शेयर किए गए इस नोट में सरबजीत के अदम्य साहस और उनके परिवार के अथक संघर्ष को नमन किया। रणदीप हुड्डा ने लिखा कि सरबजीत की कहानी ने उनकी पूरी जिंदगी और नजरिए को बदल कर रख दिया। अभिनेता ने बताया कि सरबजीत का किरदार निभाते समय उन्होंने उस दर्द, खामोशी और हिम्मत को गहराई से महसूस किया, जिससे सरबजीत पाकिस्तान की जेल में सालों तक गुजरे थे। यह अनुभव इतना तीव्र था कि इसने रणदीप के भीतर एक स्थायी छाप छोड़ दी। रणदीप हुड्डा ने अपनी इस मार्मिक पोस्ट में सरबजीत की बहन दलवीर कौर और उनकी पत्नी सुखप्रीत को भी याद किया। उन्होंने लिखा, इन दोनों महिलाओं ने सरबजीत को न्याय दिलाने और उन्हें वापस लाने के लिए पूरी दुनिया से लड़ाई लड़ी। हालांकि, अब ये दोनों ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन इनका साहस और समर्पण हमेशा एक मिसाल रहेगा। रणदीप ने संतोष व्यक्त करते हुए लिखा कि सरबजीत, आपकी यादें आज भी आपकी बेटियों स्वप्नदीप और पूनम के जरिए जिंदा हैं, जो आज अपने परिवार के साथ एक अच्छी और सुकून भरी जिंदगी जी रही हैं। उन्होंने कहा कि इसमें शायद एक शांत सा सुकून है, जो हर उस परिवार को मिलना चाहिए जिसने इतना दर्द और पीड़ा सही हो। रणदीप ने यह भी लिखा कि इतना दर्द सहने के बाद हर परिवार को ऐसा ही सुकून मिलना चाहिए, जो जीवन के घावों को भरने में मदद करता है। रणदीप हुड्डा ने सरबजीत को सम्मान देते हुए अपनी पोस्ट का समापन किया, कई साल बीत गए, लेकिन आपकी कहानी आज भी मेरे साथ है। कुछ किरदार फिल्म के साथ खत्म हो जाते हैं, लेकिन आप कभी नहीं गए। उन्होंने कहा कि सरबजीत का किरदार उनके अंदर हमेशा जीवित रहेगा। आज आपको सम्मान और भारी दिल के साथ याद कर रहा हूं। आप हमेशा याद रहेंगे। ऊं शांति। सरबजीत की बहन दलबीर कौर, जिन्होंने अपने भाई को जेल से छुड़ाने के लिए एक लंबा और कठिन संघर्ष किया था, वे रणदीप की एक्टिंग से बहुत प्रभावित थीं और उन्हें वास्तविक भाई की तरह प्यार करती थीं। जून 2022 में दलबीर कौर के निधन के बाद, रणदीप हुड्डा ने मुंबई से पंजाब जाकर उनका अंतिम संस्कार किया था, जो उनके गहरे व्यक्तिगत जुड़ाव को दर्शाता है। मालूम हो कि साल 2016 की फिल्म सरबजीत में रणदीप हुड्डा ने मुख्य भूमिका निभाई थी, जिसमें उन्होंने एक भारतीय किसान सरबजीत सिंह की सच्ची कहानी को पर्दे पर उतारा, जिसे पाकिस्तान में जासूसी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था। सुदामा/ईएमएस 04 मई 2026