04-May-2026
...


- सोना 1,51,032 रुपए और चांदी लगभग 2,50,585 रुपए नई दिल्ली (ईएमएस)। सोने और चांदी के भाव में सोमवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना 1,51,032 रुपये और चांदी 2,50,585 रुपये प्रति यूनिट के आसपास कारोबार कर रही थी, दोनों में सैकड़ों रुपये की गिरावट देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी इन कीमती धातुओं की चमक फीकी पड़ गई है, जिससे निवेशकों में चिंता का माहौल है। घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स पर सोने का जून कॉन्ट्रैक्ट गिरावट के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में यह 202 रुपये की कमजोरी के साथ 1,51,150 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था, जबकि खबर लिखे जाने तक यह 320 रुपये की गिरावट के साथ 1,51,032 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। इस साल सोने ने 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ था, जिसके मुकाबले मौजूदा भाव में काफी कमी आई है। इसी तरह चांदी के जुलाई कॉन्ट्रैक्ट ने भी सुस्त शुरुआत की। यह 238 रुपये की गिरावट के साथ 2,50,699 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला और खबर लिखे जाने के समय 352 रुपये की नरमी के साथ 2,50,585 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रहा था। चांदी ने इस साल 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम का सर्वोच्च स्तर दर्ज किया था, जो मौजूदा स्थिति से काफी ऊपर था। अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर भी सोने और चांदी के वायदा भाव में नरमी का रुख जारी रहा। सोने का भाव 29.70 डॉलर की गिरावट के साथ 4,614.80 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 0.40 डॉलर गिरकर 76.03 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। वैश्विक स्तर पर भी इन धातुओं में मंदी का दबाव देखा जा रहा है, जिससे आगामी दिनों में कीमतों पर और असर पड़ने की आशंका है। सतीश मोरे/04मई ---