इन्दौर (ईएमएस) अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद का दो दिवसीय 39वां राष्ट्रीय अधिवेशन का समापन इन्दौर के चंद्रलीला होटल में हुआ। इसमें मुख्य अतिथि परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जैन प्रदेश अध्यक्ष सुनील जैन एवं विशेष अतिथि हंसमुख गांधी थे। युवा परिषद के अध्यक्ष प्रशांत समैया केंद्रीय अध्यक्ष श्रीमती निर्मला जैन, सुमन जैन, पुष्पा कासलीवाल अनिल प्रतिभा बांझल एवं संदीप राशि जी जैन द्वारा ध्वजारोहण एवं भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित करने के पश्चात महिला परिषद की श्रीमती अनीता जैन ने स्वागत भाषण दिया एवं केंद्रीय अध्यक्ष निर्मला जैन ने देशभर से आए केंद्रीय परिषद एवं महिला परिषद के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि मेरे चार वर्षीय कार्यकाल में 19 प्रांतों में सक्रिय महिला परिषद के संभागों एवं शाखाओं की पदाधिकारियों तथा सदस्य सखियों ने सक्रियता, सजगता और लग्नशीलता से कार्य करते हुए परिषद के ध्येय वाक्य सर्व कल्याणम को ध्यान में रखकर धर्म, समाज, संस्कृति, गौ सेवा और मानव सेवा के क्षेत्र में नए प्रतिमान स्थापित किए, जिसके लिए आप सभी बधाई की पात्र हैं। केंद्रीय महासचिव श्रीमती प्रभा जैन ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि निर्मला जैन के नेतृत्व में केंद्रीय महिला परिषद की देश-विदेश में सक्रिय सभी संभागों एवं शाखाओं ने अनगिनत सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक कार्य किए। स्वास्थ्य शिविर आयोजित करवाए गए, आर्थिक दृष्टि से कमजोर वर्ग को चिकित्सा एवं शिक्षा सहायता प्रदान की गई तथा महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। स्कूलों में लैपटॉप, पंखे एवं वाटर कूलर मशीनों का वितरण तथा दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल एवं अन्य उपकरण प्रदान किए गए, जिससे देशभर में परिषद की सराहना हुई। अतिथि उद्बोधन में अनिल जैन ने कहा कि महिला परिषद द्वारा सर्व कल्याणम की भावना से समाजहित में किए जा रहे कार्य वंदनीय हैं। विशेष अतिथि हंसमुख गांधी ने कहा कि समाज में महिला प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सभी क्षेत्रों में महिलाएं सशक्त एवं सक्रिय हैं। समय की मांग है कि बेटियों को पंख दिए जाएं और बेटों को संस्कार दिए जाएं तथा बच्चों को नौकरी कराने के बजाय उन्हें व्यवसाय करने की प्रेरणा दी जाए। अधिवेशन में विभिन्न प्रांतों से आए संभागों ने आकर्षक ढंग से बैनर प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किए। मीडिया प्रभारी मुक्ता राजेश जैन एवं रुचि चोविश्या जैन के अनुसार समापन के पूर्व परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जैन एवं प्रदेश अध्यक्ष सुनील जैन ने आगामी कार्यकाल के लिए महिला परिषद की मनोनीत अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला सिंघई को करतल ध्वनि के बीच पद एवं कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलाई। केंद्रीय अध्यक्ष श्रीमती निर्मला जैन ने उन्हें बधाई देते हुए अध्यक्ष की आसंदी पर बिठाया एवं अध्यक्षीय पिन लगाई। इस अवसर पर मनोनीत अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला सिंघई ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए परिषद के 100 वर्षीय गौरवशाली इतिहास को नमन किया। उन्होंने कहा कि परिषद त्याग, तप, सेवा, समर्पण और संगठन की अटूट परंपरा की जीवंत प्रतीक रही है। उन्होंने अपने कार्यकाल की थीम परिषद के माध्यम से सहज सेवा घोषित करते हुए कहा कि सेवा, संवेदना और सहयोग परिषद की पहचान होगी। उन्होंने परिषद के मूल उद्देश्यों धर्म, शिक्षा, तीर्थ, समाज सेवा, संस्कार, युवा मार्गदर्शन एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया। कार्यक्रम में श्रीमती प्रभा गंगवाल, आशा विनायका, रुचि चोविश्या जैन, सरला सामरिया, शिल्पा जैन (तेलंगाना), प्रियंका जैन, संगीता सोगानी, सुनीता पाटनी सहित अनेक महिला पदाधिकारी उपस्थित थीं। सभी ने श्रीमती सिंघई का मोतियों की माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। संचालन नीता धवल जैन कौशल्या पतंग्या एवं हेमलता गोधा ने किया। एव केंद्रीय कोषाध्यक्ष सरला सांमरिया ने माना। आनंद पुरोहित/ 04 मई 2026