राज्य
04-May-2026


रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कचना क्षेत्र स्थित हम्मिंग कोट्री आवासीय प्रोजेक्ट के निवासियों को बड़ी राहत मिली है। छत्तीसगढ़ भू संपदा विनियामक प्राधिकरण (RERA) ने प्रोजेक्ट में बुनियादी सुविधाओं की कमी और नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए बिल्डर पर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। मामला तब सामने आया जब निवासियों अजय अग्रवाल और अतुल अग्रवाल ने रेरा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि तय समय के बावजूद प्रोजेक्ट में कई जरूरी सुविधाएं अधूरी हैं। इनमें बैडमिंटन कोर्ट, लॉन, क्लब हाउस और सीवरेज सिस्टम में आरसीसी चैंबर जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा स्विमिंग पूल में इनलेट-आउटलेट सिस्टम नहीं लगाया गया है, क्लब हाउस में सोलर पैनल का वादा पूरा नहीं हुआ है और भवनों की दीवारों में सीलन की समस्या भी सामने आई है। एसटीपी (STP) का कंट्रोल पैनल भी अब तक दुरुस्त नहीं किया गया है, जबकि गार्डन का फव्वारा बंद पड़ा है। मामले की सुनवाई रेरा अध्यक्ष संजय शुक्ला ने की और निवासियों के पक्ष में फैसला सुनाया। रेरा ने प्राधिकृत प्रतिनिधि सुमित डडसेना को निर्देश दिया है कि सभी कमियों को 60 दिनों के भीतर पूरा किया जाए। रेरा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समयसीमा में सभी सुविधाएं पूरी नहीं की गईं तो संबंधित बिल्डर के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)04 मई 2026