परिणाम आने से पहले आयोग ने दिया आदेश नई दिल्ली,(ईएमएस)। देश के विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना की प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा के बीच चल रही है। मतगणना की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष मतदाता सूची पर्यवेक्षक सुब्रता गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि परिणाम आने के दौरान या उसके बाद किसी भी प्रकार की विजय रैली या जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताते हुए कहा कि कुछ स्थानों पर तकनीकी कारणों से सीसीटीवी कैमरों के कुछ मिनटों के लिए बंद होने जैसी छोटी शिकायतों का समाधान कर लिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर मालदा सहित पश्चिम बंगाल के संवेदनशील इलाकों में बख्तरबंद वाहनों से गश्त की जा रही है। चुनाव के बीच नोआपारा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने मतगणना प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्ट्रांग रूम खोलने की घोषणा के समय न तो उन्हें और न ही उनके किसी चुनाव एजेंट को भीतर जाने की अनुमति दी गई। उन्होंने इसे धांधली का प्रयास बताते हुए चुनाव पर्यवेक्षक से औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। दूसरी ओर, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम खोले गए और सुचारू रूप से गिनती शुरू हुई। अन्य राज्यों की बात करें तो असम में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने बड़ी बढ़त हासिल कर ली है। रुझानों में एनडीए 69 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि कांग्रेस नेतृत्व वाला गठबंधन मात्र 19 सीटों पर सिमटा दिख रहा है। तमिलनाडु में डीएमके गठबंधन ने एआईएडीएमके पर मामूली बढ़त बनाई है। फिलहाल डीएमके 55 सीटों पर और विपक्षी गठबंधन 25 सीटों पर आगे है। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ रही है, राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं, लेकिन फिलहाल सबकी निगाहें पश्चिम बंगाल के कड़े मुकाबले पर टिकी हुई हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/04मई 2026