राष्ट्रीय
04-May-2026


-10 अफ्रीकी देशों के भाग लेने की उम्मीद, थिंक टैंक का होगा जमावड़ा नई दिल्ली,(ईएमएस)। इस महीने चौथा भारत-अफ्रीका शिखर सम्मेलन होने वाला है। यह बैठक करीब एक दशक बाद आयोजित हो रहा है। अफसरों ने बताया कि इस दौरान आधिकारिक चर्चाएं, मंत्री-स्तरीय बैठकें और व्यापारिक वार्ताएं निर्धारित हैं, साथ ही भारत-अफ्रीका थिंक टैंक का एक जमावड़ा भी होगा। ये बैठकें 31 मई को मुख्य शिखर सम्मेलन के साथ समाप्त होंगी, जिसमें कई अफ्रीकी नेता हिस्सा ले सकते हैं। इसके बाद बिग कैट अलायंस शिखर सम्मेलन होगा, जिसमें करीब 10 अफ्रीकी देशों के भाग लेने की उम्मीद है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक यह शिखर सम्मेलन और इससे जुड़े कार्यक्रम अफ्रीका के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को उजागर करेंगे, जिसमें सिद्धांतों पर जोर दिया जाएगा। इस बार सम्मेलन की थीम “आईए स्प्रीट: नवाचार, सुदृढ़ता और समावेशी परिवर्तन के लिए भारत-अफ्रीका रणनीतिक साझेदारी” रखी गई है, जो भारत-अफ्रीका संबंधों की व्यापकता को दर्शाती है। अफ्रीकी महाद्वीप के साथ सहयोग लगातार बढ़ रहा है। अफ्रीका अब भारत के विदेशी विकास साझेदारी सहयोग का दूसरा सबसे बड़ा प्राप्तकर्ता है। नई दिल्ली ने 41 अफ्रीकी देशों को 190 से ज्यादा लाइन ऑफ क्रेडिट दी हैं, जिनकी कुल कीमत 10 अरब डॉलर से ज्यादा है; वहीं 4.5 अरब डॉलर के 20 प्रोजेक्ट पूरे हो चुके हैं। ये प्रोजेक्ट बिजली, पानी की सप्लाई, खेती, ट्रांसपोर्ट, गांवों में बिजली पहुंचाने और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे अहम सेक्टर में हैं। भारतीय कंपनियों ने अफ्रीकी खेती के सेक्टर में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाई है, जिससे मशीनों के इस्तेमाल, वैल्यू-एडिशन और खेती से जुड़े सामान की प्रोसेसिंग को बढ़ावा मिला है। बता दें भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने शुक्रवार को अफ्रीकी संघ आयोग के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। यह प्रतिनिधिमंडल एयू स्थायी प्रतिनिधि समिति के अध्यक्ष और भारत में बुरुंडी के राजदूत विली न्यामिटवे के नेतृत्व में भारत पहुंचा था। सिराज/ईएमएस 04मई26