राष्ट्रीय
04-May-2026


पटना,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में बीजेपी बड़ी जीत की ओर अग्रसर है, रिजल्ट से भाजपा उत्साहित है, इधर बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी तेज हुई है। पटना के गांधी मैदान में मंत्रियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम होगा। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां टेंट लगने शुरू हो गए हैं। आम लोगों की एंट्री बंद की गई है। शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी भी शामिल हो सकते हैं। मई के पहले हफ्ते में कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। वहीं सम्राट चौधरी सोमवार को दिल्ली दौरे से लौटकर दोपहर पटना पहुंचे। मुख्यमंत्री शनिवार को दिल्ली दौरे पर थे, जहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, सीएम चौधरी कैबिनेट विस्तार की फाइनल सूची लेकर दिल्ली से पटना लौट रहे हैं। कैबिनेट विस्तार में किन-किन नेताओं को मंत्री बनाया जाएगा, इस पर दिल्ली में अंतिम सहमति बन चुकी है। जानकारी के मुताबिक, बिहार में मई के पहले हफ्ते में कैबिनेट विस्तार किया जाएगा। जदयू, भाजपा, हम, रालोजपा और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कोटे से कितने मंत्री बनाए जाएंगे, इस पर भी दिल्ली में फैसला हो चुका है। इधर, 6 मई की शाम 5:00 बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कैबिनेट बैठक भी बुलाई है। आशीष दुबे / 04 मई 2026