राष्ट्रीय
04-May-2026


-आयोग ने कहा- मतदान-मतगणना के बाद इस मुद्दे पर उसका कोई अधिकार नहीं नई दिल्ली,(ईएमएस)। सुप्रीम कोर्ट ने संकेत दिया है कि वह 11 मई को पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद संभावित हिंसा की आशंका के मद्देनजर केंद्रीय बलों की तैनाती जारी रखने के निर्देश देने वाली याचिका पर विचार करेगा। याचिकाकर्ताओं के वकील ने उल्लेख किए जाने पर सीजेआई सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची की पीठ ने पहले कहा कि याचिकाकर्ता कलकत्ता हाईकोर्ट का रुख कर सकते हैं और ऐसे निर्णय राज्य कार्यपालिका द्वारा लिए जाने हैं। वहीं भारत निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया कि मतदान और मतगणना समाप्त होने के बाद इस मुद्दे पर उसका कोई अधिकार नहीं है। पक्षों को संक्षिप्त रूप से सुनने के बाद कोर्ट ने संकेत दिया कि वह 11 मई को इस मुद्दे पर विचार कर सकता है। इस बीच मतगणना के रुझानों के मुताबिक बीजेपी पश्चिम बंगाल में पहली बार सरकार बनाने के करीब पहुंच गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 294 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के लिए मामूली बढ़त का अनुमान लगाया है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 91.66फीसदी मतदान के साथ आजादी के बाद से अब तक का सबसे ज्यादा मतदान दर्ज किया गया। पहले चरण में मतदान प्रतिशत 93.19फीसदी था, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 92.47फीसदी हो गया है। बता दें 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने 294 में से 213 सीटें जीतकर निर्णायक जीत हासिल की, जिसमें उसे करीब 48 फीसदी वोट मिले थे। वहीं, बीजेपी 77 सीटों और करीब 38 फीसदी वोटों के साथ प्रमुख विपक्षी दल बनकर उभरी, जो पिछले चुनाव की तुलना में एक बड़ी वृद्धि है। वाम-कांग्रेस गठबंधन एक भी सीट जीतने में असफल रहा। सिराज/ईएमएस 04मई26