राष्ट्रीय
04-May-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। देश के राजस्थान, बिहार, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित करीब 10 राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। बीते 24 घंटों में खराब मौसम के चलते चार लोगों की जान गई है। इसमें राजस्थान में तीन और उत्तर प्रदेश में एक व्यक्ति शामिल है। जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन के कारण एक महत्वपूर्ण सड़क मार्ग बंद हुआ है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। उत्तर प्रदेश में खराब मौसम ने जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लखनऊ में सुबह से तेज हवाएं चल रही हैं राजस्थान के दौसा, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर और हनुमानगढ़ जैसे जिलों में आंधी के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे कई झुग्गी-झोपड़ियां उखड़ गईं और जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर पेड़ गिरने से 40 मिनट तक लंबा जाम लगा रहा। हरियाणा के सिरसा, भिवानी और महेंद्रगढ़ में भी तेज बारिश के साथ ओले गिरे, वहीं उत्तराखंड के 11 जिलों में बारिश हुई, जिसमें नैनीताल, देहरादून और अल्मोड़ा में ओलावृष्टि की सूचना है। जम्मू-कश्मीर के लघामा में हुए भूस्खलन के कारण बारामूला-उरी नेशनल हाईवे को बंद करना पड़ा, और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया है। मौसम विभाग ने राजस्थान के 19 जिलों के लिए ऑरेंज और 8 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आगामी दो दिनों तक भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने का अनुमान है। 5 मई को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है, जबकि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 6 मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित कई अन्य राज्यों में भी बारिश का अनुमान है। आशीष दुबे / 04 मई 2026