बारामती,(ईएमएस)। देश के पांच राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में भाजपा चार सीटों पर, जबकि कांग्रेस दो सीटों पर आगे चल रही है। हालांकि, सबसे ज्यादा ध्यान महाराष्ट्र की बारामती सीट ने खींचा है, जहाँ एनसीपी उम्मीदवार सुनेत्रा पवार ने बड़ी बढ़त बना ली है। पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार पांचवें राउंड के बाद 45,010 वोटों के बड़े अंतर से आगे चल रही हैं। यह सीट अजित पवार के दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में निधन के कारण खाली हुई थी, जिसके बाद यह उपचुनाव कराना पड़ा। उनकी लगातार बढ़ती बढ़त इस मुकाबले को एकतरफा बनाती दिख रही है, हालांकि अंतिम नतीजों के लिए आगे की गिनती निर्णायक होगी। महाराष्ट्र की एक अन्य महत्वपूर्ण सीट, अहिल्यानगर जिले की राहुरी से भाजपा उम्मीदवार अक्षय कर्दिले ने भी अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है। वे बारहवें राउंड के बाद 50,273 वोटों की भारी बढ़त बनाए हुए हैं, जिससे उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है। कर्दिले शुरुआती दौर से ही आगे चल रहे थे, और शरद पवार गुट के उम्मीदवार काफी पीछे छूट गए हैं। कर्नाटक की दावणगेरे साउथ सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार समरथ मल्लिकार्जुन ने 10वें राउंड के बाद 5,229 वोटों की बढ़त बना ली है। शुरुआती रुझानों में भाजपा आगे थी, लेकिन कांग्रेस ने वापसी करते हुए अब राज्य की दोनों सीटों - बागलकोट और दावणगेरे साउथ - पर बढ़त हासिल कर ली है। अन्य सीटों पर, त्रिपुरा के धर्मनगर, गुजरात के उमरेठ और नागालैंड के कोरिडांग सीटों पर भाजपा उम्मीदवार अपनी प्रतिद्वंद्वी पार्टियों पर हावी दिख रहे हैं। ये सभी सीटें पूर्व विधायकों के निधन के कारण रिक्त हुई थीं, जिसके चलते इन पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था। कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा में 9 अप्रैल को मतदान हुआ था, जबकि गुजरात की लिमखेड़ा और महाराष्ट्र की बारामती तथा राहुरी सीटों पर 23 अप्रैल को वोट डाले गए थे। आशीष दुबे / 04 मई 2026