- एक की मौत तो दूसरे को बचाया राजगढ़(ईएमएस)l जिले के करेड़ी गांव से दूल्हा-दुल्हन के साथ दर्शन के लिए निकला एक परिवार गत दिवस राजस्थान में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। राजस्थान के घाटोली थाना क्षेत्र के चुरेलिया के पास नदी में नहाने उतरे दो मौसेरे भाई अचानक डूब गए। इस घटना में 15 वर्षीय अनुराग विश्वकर्मा की मौत हो गई, जबकि नैतिक विश्वकर्मा को समय रहते बचा लिया गया, सोमवार को शव का पोस्टमार्टम राजगढ़ जिला अस्पताल में किया गया। मृतक के पिता राकेश विश्वकर्मा ने बताया कि वे नरसिंहगढ़ क्षेत्र के गौड़पुरा श्यामपुरा गांव के रहने वाले हैं और मजदूरी करते हैं। उनका बड़ा बेटा अनुराग अपने मामा के यहां करेड़ी गांव आया हुआ था, जहां उनके साले राजू विश्वकर्मा की दो दिन पहले शादी हुई थी। शादी के बाद रविवार को परिवार दूल्हा-दुल्हन को लेकर राजस्थान के कामखेड़ा बालाजी धाम दर्शन के लिए निकला था। रास्ते में राजस्थान के घाटोली थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरेलिया के पास नदी किनारे सभी लोग रुके और नहाने लगे। जहा पानी करीब 3 से 4 फीट गहरा था, लेकिन कुछ जगह अचानक गहराई बढ़ गई। नहाने के बाद जैसे ही लोग बाहर निकले, तभी अचानक शोर मच गया कि दो बच्चे पानी में डूब रहे हैं। - अनुराग पानी में ही लापता हो गया परिजन तुरंत नदी में कूदे और बच्चों की तलाश शुरू की। नैतिक विश्वकर्मा को तो बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अनुराग पानी में लापता हो गया। गंदे पानी के कारण तलाश में परेशानी आई। करीब 4 मिनट बाद अनुराग को थोड़ी दूरी पर पाया गया और बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। परिजन उसे तत्काल राजस्थान के इकलेरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहा प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लेकिन कुछ परिजनों को विश्वास नहीं हुआ, जिसके बाद नदी में डूबे अनुराग को उसके परिवार के लोग मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिला अस्पताल लेकर आए, जहा डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया और शादी की खुशियां गम में बदल गईं। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की डायरी आगे की कार्रवाई के लिए राजस्थान के घाटोली थाने भेजने की बात कही है। -निखिल/राजगढ़/4/5/2026