वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी सेना ने जब्त किए ईरानी जहाज टूस्का को अब पाकिस्तान को सौंपा है। अब जहाज को क्रू मेंबर के साथ वापस ईरान भेजने की तैयारी है। यह जानकारी अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता ने दी। अमेरिका ने 21 अप्रैल को जहाज को पकड़ लिया था। यह चीन से लौट रहा था। तब अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया था कि इस पर हथियार बनाने से जुड़े सामान लाए जा रहे थे। ईरान ने इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना कर समुद्री डकैती बताया था। अमेरिका ने ईरानी जहाज को तब रिलीज किया है, जब कुछ ही घंटे पहले राष्ट्रपति ट्रम्प ने होर्मुज में फंसे जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए नया अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। ट्रम्प ने बताया कि कई देशों ने अमेरिका से मदद मांगी है। उनके जहाज यहां फंस गए हैं। ट्रम्प ने इन जहाजों और उनके कर्मचारियों को निर्दोष बताया और कहा कि वे हालात के कारण मुश्किल में फंस गए हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका इन जहाजों को सुरक्षित रास्ता दिखाएगा ताकि वे बिना किसी खतरे के अपना काम जारी रख सकें। यह ऑपरेशन सोमवार सुबह से शुरू होगा। ट्रम्प ने चेतावनी दी कि अगर इस ऑपरेशन में ईरान ने कोई रुकावट पैदा की तो अमेरिका सख्त जवाब देगा। आशीष दुबे / 04 मई 2026