राज्य
04-May-2026
...


पटना, (ईएमएस)। राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने केरला विधानसभा चुनाव में कूथुपरम्बा निर्वाचन क्षेत्र से राजद उम्मीदवार पी.के.प्रवीण की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राजद के केरला इकाई को बधाई दी है। राजद उम्मीदवार को कुल 70,448 वोट हासिल हुए हैं। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव खुद श्री प्रवीण के क्षेत्र में कई सभाएं की थी और रोड-शो किया था जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भागीदारी हुई थी। श्री गगन ने बताया कि श्री प्रवीण उक्त क्षेत्र से निवर्तमान विधायक हैं। श्री गगन ने बताया कि राजद वहां एलडीएफ के साथ मिलकर चुनाव लड़ी थी। तीन क्षेत्रों में राजद चुनाव लड़ रही थी। एक सीट पर जीत हासिल हुई है जबकि दो सीटों कल्पेट्टा और बाडकारा में बहुत हीं कम वोटों के अंतर से चुनाव हारी है। कल्पेट्टा में राजद उम्मीदवार पी के अनिल को 52348 एवं बाडकारा से एम के भास्करन को 55255 वोट मिले हैं और दोनों दूसरे स्थान पर रहे हैं। तेजस्वी यादव के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी के लिए यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। जिस प्रकार दक्षिण में राजद के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ा है वह दिन दूर नहीं जब हम पुनः तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त करने में कामयाब होंगे। संतोष झा- ०४ मई/२०२६/ईएमएस