नरसिंहपुर,(ईएमएस)। जिला आपूर्ति अधिकारी नरसिंहपुर ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2026- 27 में जिले में अब तक गेहूं विक्रय के लिए 30 हजार 137 किसानों के द्वारा स्लॉट बुकिंग की जा चुकी है। जिले में 11 हजार 997 किसानों से 5 लाख 82 हजार 128 क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। 2 हजार 538 किसानों को 26.85 करोड़ रुपये का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा चुका है। जिले में संचालित सभी 69 गेहूं खरीदी केन्द्रों में पृथक- पृथक नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो प्रतिदिन खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर उपार्जन कार्य में नियंत्रण एवं पर्यवेक्षण कर रहे हैं। उपार्जन में आने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी खरीदी केन्द्रों में किसानों को बैठने के लिए छायादार व्यवस्था एवं पेयजल की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। जिले की सभी खरीदी केन्द्रों में 6-6 तौल-कांटे एवं 30 से 50 हम्मालों की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में 13 खरीदी केन्द्रों में 4 से कम तौल-कांटे पाए जाने पर इन केन्द्रों को सख्त निर्देश दिए गए है कि 6-6 तौल-कांटे सुनिश्चित कराएं। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं जिले में उपार्जन के लिए अधिकृत जिला नोडल अधिकारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश द्वारा नियमित रूप से उपार्जन की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। उपार्जन में आने वाली कठिनाईयों एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उपार्जन केन्द्रों का नियमित निरीक्षण कर सतत पर्यवेक्षण एवं नियंत्रण रखा जावे। जिला आपूर्ति अधिकारी नरसिंहपुर ने बताया कि जिले में तहसील गोटेगांव अंतर्गत एक, तेंदूखेड़ा के अंतर्गत एक, गाडरवारा के अंतर्गत एक और सांईखेड़ा के अंतर्गत एक इस तरह कुल 4 खरीदी केन्द्रों द्वारा समय पर उपार्जन कार्य प्रारंभ नहीं करने के कारण नियमानुसार कार्यवाही करते हुए इन खरीदी केन्द्रों को निरस्त कर उनके स्थान पर नवीन खरीदी केन्द्र स्वसहायता समूहों के बनाए गए हैं। इन खरीदी केन्द्रों में आज से उपार्जन का कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो गया है। इसके अंतर्गत तेंदूखेड़ा तहसील में सरस्वती ग्राम संगठन खरीदी स्थल श्री मां वेयर हाउस लोलरी, तहसील गोटेगांव में अमृत स्वसहायता समूह बगासपुर खरीदी स्थल शैल वेयर हाउस श्रीनगर, सांईखेड़ा तहसील अंतर्गत श्री सांई महिला ग्राम संगठन रायपुर खरीदी स्थल राठी वेयर हाउस गुर्जर झिरिया एवं तहसील गाडरवारा अंतर्गत विंध्यवासिनी स्वसहायता समूह पिपरिया खरीदी स्थल बड़कुर वेयर हाउस सिंहपुर छोटा को खरीदी केन्द्र बनाया गया है। ईएमएस/ राहुल वासनिक/ 04 मई 2026