हाथरस (ईएमएस)। कोतवाली चंदपा क्षेत्र के कस्बा चंदपा से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां 27 वर्षीय युवक को पांच हजार रुपये का लालच देकर निर्वस्त्र अवस्था में गली में दौड़ाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।वायरल वीडियो में कुछ लोग युवक को कपड़े उतारने के लिए उकसाते दिखाई दे रहे हैं। साथ ही उसे पांच हजार रुपये देने की बात कही जाती है। पैसों के लालच में युवक निर्वस्त्र होकर गली में दौड़ता नजर आता है। घटना के दौरान आसपास महिलाएं भी मौजूद थीं, जिनके सामने यह आपत्तिजनक कृत्य हुआ।स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मामले में ग्राम प्रधान के पति सहित कुछ अन्य लोगों की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। आरोप है कि उन्होंने ही युवक को इस हरकत के लिए उकसाया और शर्त रखी।घटना का वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा मोबाइल से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह घटना समाज में गिरते नैतिक मूल्यों और संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 04 मई 2026