मनोरंजन
05-May-2026
...


-अभिनेत्री खरबंदा ने नेटफ्लिक्स रिलीज़ ग्लोरी में पति की परफॉर्मेंस पर की भावुक पोस्ट मुंबई,(ईएमएस)। अभिनेत्री कृति खरबंदा ने अपने पति पुलकित सम्राट के हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई ओरिजिनल सीरीज ‘ग्लोरी’ में शानदार प्रदर्शन को लेकर एक भावुक और दिल छू लेने वाला पोस्ट साझा किया है। सोशल मीडिया स्टोरी के जरिए कृति ने पुलकित के सफर को करीब से देखने का अनुभव साझा करते हुए उन पर गर्व जताया है। सोशल मीडिया स्टोरी पर कृति ने लिखा है कि ‘ग्लोरी’ से उनका जुड़ाव दो साल पहले शुरू हुआ था, जब यह प्रोजेक्ट पुलकित को मिला था। हालांकि शुरुआत में वह एक दर्शक की तरह सब कुछ देख रही थीं, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने पुलकित में बदलाव महसूस किया। उन्होंने लिखा- जैसे-जैसे वक़्त गुजरता गया, उन्होंने अपने जाने-पहचाने पुलकित को धीरे-धीरे एक नए पुलकित में बदलते हुए देखा, जिसने अपनी पुरानी आदतों को छोड़कर पूरी शिद्दत के साथ इस चुनौती को अपनाया था। कृति ने अपने नोट में यह भी लिखा कि कोई भी प्रोजेक्ट सिर्फ स्क्रीन पर दिखने वाले समय तक सीमित नहीं होता, बल्कि उसके पीछे लगातार मेहनत, अनुशासन और भावनात्मक मजबूती की जरूरत होती है। विशेष रूप से एक स्पोर्ट्सपर्सन के किरदार के लिए खून-पसीने और आंसुओं से ज़्यादा अनुशासन की जरूरत होती है और इसे निभाना वाकई बेहद मुश्किल होता है। पुलकित के इस सफर के दौरान उनके रूटीन और कड़ी मेहनत का जिक्र करते हुए कृति ने यह भी लिखा है कि यह उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं था। उन्होंने यह भी लिखा कि उन्हें पुलकित पर बेहद गर्व है और यह प्रोजेक्ट हमेशा उनके दिल के करीब रहेगा। आखिर में कृति ने दर्शकों से ‘ग्लोरी’ देखने की अपील की है और पूरी टीम की मेहनत की तारीफ करते हुए इसे एक सच्चा विजेता बताया है। सिराज/ईएमएस 05 मई 2026