27 साल की उम्र में खट्टर को संघ के प्रचारक के रूप में खूब ख्याति मिली चंडीगढ़,(ईएमएस)। हरियाणा के पूर्व सीएम और वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज यानी मंगलवार 5 मई को अपना 72वां जन्मदिन मना रहे हैं। खट्टर का शुरुआती जीवन और राजनीतिक जीवन दोनों ही कमाल के रहे हैं। वह उन भारतीय राजनेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने शादी नहीं की और आजीवन शादी न करने की शपथ ली है। इसके अलावा खट्टर हरियाणा की राजनीति के पहले गैर जाट सीएम रहे हैं। जानकारी के मुताबिक पंजाब-हरियाणा के निंदाना में 5 मई 1954 को मनोहर लाल खट्टर का जन्म हुआ था। उनको शिक्षा में काफी रुचि थी। उनका परिवार विभाजन के बाद निंदाना गांव में आकर बस गया था। उनके पिता और दादा दूसरों के खेतों में मजदूरी करते थे। ऐसे में स्कूल से आने के बाद मनोहर लाल खट्टर भी खेतों में अपने पिता का हाथ बंटाते थे। खट्टर ने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की फिर इसी दौरान वह संघ से जुड़ गए। साल 1977 में जब खट्टर 24 साल के थे, तो उन्होंने आरएसएस की सदस्यता ले ली। वहीं 27 साल की उम्र तक मनोहर लाल खट्टर को संघ के प्रचारक के रूप में खूब ख्याति मिली। संघ की प्रमुखता के कारण उन्होंने कभी शादी न करने का फैसला लिया। वह लगातार 14 सालों तक संघ के लिए काम करते रहे। 1994 में मनोहर लाल खट्टर बीजेपी में शामिल हो गए। इस दौरान खट्टर को हरियाणा बीजेपी का महासचिव बनाया गया। संघ और बीजेपी के लिए सालों तक काम करने के बाद साल 2014 में खट्टर ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा। इस दौरान हरियाणा में जाटों के दिग्गज नेता माने जाने वाले भूपिंदर सिंह हुड्डा की सरकार थी। साल 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में पहली बार खट्टर ने चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इस दौरान बीजेपी को राज्य में जीत मिली और राज्य में बीजेपी सरकार बनी। इसके बाद उनको राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया। वहीं साल 2019 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने मनोहर लाल खट्टर ने नेतृत्व में फिर जीत हासिल की। इसके बाद वह दोबारा हरियाणा के सीएम बने। वहीं साल 2024 से मनोहर लाल खट्टर 19वें विद्युत मंत्री और चौथे आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। सिराज/ईएमएस 05मई26