राष्ट्रीय
05-May-2026


टीवीके ने 108 सीट जीत कर डीएमके और एआईडीएमके को किया चित्त चेन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु में किसकी सरकार होगी? क्या एक्टर विजय ही सीएम बनेंगे? आखिर थलापति विजय की पार्टी टीवीके कैसे सरकार बना पाएगी? टीवीके को कौन सपोर्ट देगा? क्या नया गठबंधन बनेगा? क्या कोई नया समीकरण तमिलनाडु को सरकार देगा? ये सभी सवाल उठ रहे हैं। इन तमाम सवालों और अटकलों के बीच टीवीके के विजय ने राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर को पत्र लिखकर सरकार बनाने के लिए आमंत्रण मांगा है। अभिनेता से नेता बने एक्टर विजय की तमिलगा वेत्त्री कझगम (टीवीके) ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव रिजल्ट में जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया है। डीएमके और एआईडीएमके ने कभी सोचा भी नहीं था। तमिलनाडु चुनाव परिणाम में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। टीवीके ने डीएमके और एआईडीएमके को चारों खाने चित्त कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु विधानसभा चुनाव रिजल्ट में टीवीके को 108 सीटें मिली हैं। यह अपने आप में चौंकाने वाला परिणाम है। 108 सीटें जीतने के बावजूद टीवीके बहुमत के आंकड़े से दूर है। बहुमत का आंकड़ा 118 है। सबसे बड़ा सवाल कि क्या टीवीके, एआईएडीएमके के साथ मिलकर सरकार बनाएगी? दरअसल, सत्तारूढ़ पार्टी डीएमके 59 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि एआईएडीएमके को सिर्फ 47 सीटें मिली हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या एआईएडीएमके, विजय के साथ मिलकर तमिलनाडु में डीएमके को सत्ता से बाहर रखेगी? रिपोर्ट के मुताबिक एक और संभावना यह भी जताई जा रही है कि टीवीके, कांग्रेस और निर्दलीय विधायकों के साथ मिलकर सरकार बना सकती है। कांग्रेस पहले ही ‘जन नायकन’ विजय को समर्थन का संकेत दे चुकी है और राहुल गांधी ने भी टीवीके के शानदार प्रदर्शन के बाद विजय से बात की थी। फिलहाल, टीवीके के पास 108 सीटें और कांग्रेस के पास पांच सीटें हैं। ऐसे में बहुमत के लिए अन्य क्षेत्रीय दलों और निर्दलीय विधायकों का समर्थन जरूरी होगा। मतगणना के दौरान जब नतीजे टीवीके के पक्ष में आने लगे तो पार्टी ने कहा था कि वे खुद सरकार बनाएंगे। सभी अटकलों के बीच टीवीके के विजय ने राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर को पत्र लिखकर सरकार बनाने के लिए आमंत्रण मांगा है। विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया है और राज्यपाल से शपथ ग्रहण के लिए बुलाने की अपील की है। पत्र में विजय ने कहा है कि पार्टी दो हफ्ते के अंदर बहुमत साबित कर देगी। मंगलवार को विजय के टीवीके कार्यालय में विजयी उम्मीदवारों से मिल सकते हैं। तमिलनाडु के अनिश्चित भविष्य के बीच एक बात साफ है कि विजय की टीवीके ने अपने पहले ही चुनाव में डीएमके बनाम एआईएडीएमके की पारंपरिक राजनीति को बदल दिया है। सिराज/ईएमएस 05मई26