अंतर्राष्ट्रीय
05-May-2026


तालिबान ने पाक को चेताया- बाज आ जाओ नहीं तो गंभीर परिणाम हो सकते काबुल,(ईएमएस)। अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में पाकिस्तान सेना के हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 14 घायल हो गए। यह जानकारी तालिबान प्रशासन ने दी। तालिबान के एक जिला अधिकारी के मुताबिक डांगम प्रांत में हुए इन हमलों में दो स्कूल, एक क्लिनिक और दो धार्मिक स्थल नष्ट हो गए। हालांकि हमले के सटीक समय का खुलासा नहीं किया गया है। डांगम के तालिबान जिला गवर्नर मोहम्मद ओमर सादिक ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की सेना अब सीधे हमले करने में सक्षम नहीं है और नागरिक ठिकानों को निशाना बना रही है। उन्होंने बताया कि इन हमलों में 80 मवेशियों की भी मौत हुई और कुनार प्रांत में अब तक 12 स्कूल नष्ट किए जा चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इससे पहले 28 अप्रैल को विदेश मंत्रालय ने काबुल स्थित पाकिस्तानी दूतावास के प्रभारी को तलब कर इन हमलों पर विरोध दर्ज कराया था। तालिबान ने हमले का खुलासे के साथ ही अफगानिस्तान सीमा पर अपनी सैन्य तैनाती बढ़ा दी है। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर ड्यूरंड रेखा के पास सार्वजनिक ढांचे और कुनार के केंद्र में स्थित विश्वविद्यालय को निशाना बनाने का आरोप लगाया। विदेश मंत्रालय ने इन हमलों को अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन बताते हुए कड़ी निंदा की। मंत्रालय ने कहा कि ये कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों के खिलाफ और उकसावे वाली है। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान से ऐसी गतिविधियों से बाज आने को कहा है और चेतावनी दी है कि वह अपने देश और नागरिकों की रक्षा का अधिकार सुरक्षित रखता है, साथ ही कहा कि इस तरह की ‘गैर-जिम्मेदाराना कार्रवाइयों’ के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। पिछले सप्ताह भी कुनार प्रांत के असदाबाद और सरकानो जिले में हुए हमलों में 7 लोगों की मौत हो गई थी और 75 घायल हुए थे। बता दें पिछले कुछ महीनों से अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है, और दोनों देशों ने एक-दूसरे पर अस्थिरता फैलाने के आरोप लगाए हैं। सिराज/ईएमएस 05मई26