गढ़वा (ईएमएस)।बिशुनपुरा थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा बाजार स्थित मनोकामना ज्वेलर्स एवं बर्तन दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने उदभेदन कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसकी निशानदेही पर चोरी के जेवरात और नकदी बरामद की गई है।इस आशय की जानकारी एसडीपीओ सत्येन्द्र नारायण सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।एसडीपीओ ने बताया कि 1 मई की रात चोरों ने मनोकामना ज्वेलर्स की छत का सीट काटकर प्रवेश किया था। वहां से 37 हजार रुपये नकद समेत सोने का लॉकेट, कान का टॉप और नथिया चोरी कर लिया गया था। इस मामले में पुलिस ने कांड संख्या-14/26 दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। गुप्त सूचना और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुटुर पाल उर्फ अतिन्द्र पाल (23 वर्ष), निवासी महुलिया (गढ़वा) को हिरासत में लिया।पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नकद 22 हजार 500,एक जोड़ा कान का टॉप (सोना),एक ॐ लिखा सोने का लॉकेट,एक की-पैड मोबाइल,शेष रुपयों के संबंध में आरोपी ने बताया कि उसने कुछ पैसे खर्च कर दिए और कुछ नशे की हालत में कहीं गिर गए, पूछताछ में मुटुर पाल ने स्वीकार किया कि उसने पिछले साल नवंबर माह में रमना बाजार की एक दुकान से 50 हजार रुपये की चोरी की थी। इस संबंध में रमना थाना में कांड संख्या-112/25 दर्ज है। पुलिस इसे एक बड़ी सफलता मान रही है।सफल उद्भेदन करने वाली टीम में निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद, रमना थाना प्रभारी आकाश कुमार, बिशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह, पुअनि मिन्नातुल्लाह खां, सअनि राकेश कुमार, हवलदार विपिन बिहारी गुप्ता, अजय कुमार तिवारी, राजीव रंजन तिवारी और धनंजय कुमार शामिल थे। - 05मई/26