राज्य
05-May-2026
...


:: पुलिस कमिश्नर ने बांटे प्रशस्ति पत्र, क्यूआर कोड स्कैन कर अभियान से जुड़ सकेंगे शहरवासी :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को जनभागीदारी के माध्यम से सुदृढ़ करने के लिए संचालित ट्रैफिक प्रहरी अभियान रंग ला रहा है। मंगलवार को पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने उन जागरूक नागरिकों को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, जिन्होंने चौराहों पर पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर यातायात प्रबंधन में सराहनीय योगदान दिया है। इस दौरान बताया गया कि अब तक शहर के 3620 जिम्मेदार नागरिक इस अभियान का हिस्सा बनकर सड़कों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संतोष कुमार सिंह ने कहा कि इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को नियम पालन की प्रक्रिया में सहभागी बनाना है। उन्होंने नागरिकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जब जनता स्वयं व्यवस्था सुधारने के लिए आगे आती है, तो उसके परिणाम अधिक प्रभावी होते हैं। सम्मानित होने वाले प्रहरियों ने न केवल यातायात को सुगम बनाने में मदद की, बल्कि अन्य वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक भी किया। अभियान के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कोई भी इच्छुक नागरिक अपनी सुविधानुसार समय और स्थान का चयन कर ट्रैफिक प्रहरी बन सकता है। इसके लिए पुलिस द्वारा जारी क्यूआर कोड को स्कैन कर गूगल फॉर्म भरना होगा। उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मुहिम से जुड़ें, ताकि इंदौर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर और सुरक्षित बनाया जा सके। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। प्रकाश/05 मई 2026