:: पुलिस कमिश्नर ने बांटे नि:शुल्क हेलमेट, जागरूकता अभियान में सक्रिय नागरिकों का हुआ सम्मान :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नवाचार किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को पलासिया चौराहे पर सड़क सुरक्षा जागरूकता का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ट्रेनी एयर होस्टेस के आकर्षक अंदाज, नुक्कड़ नाटक और मिमिक्री के माध्यम से नागरिकों को नियमों के पालन की सीख दी गई। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) राजेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। चौराहे पर आयोजित इस कार्यक्रम में रचनात्मक गतिविधियों ने राहगीरों का ध्यान खींचा। एयर होस्टेस ट्रेनिंग ले रहीं छात्राओं ने विशिष्ट अंदाज में ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी, तो वहीं मिमिक्री आर्टिस्ट दीपक नीमा ने फिल्मी कलाकारों की आवाजों में सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा गीतों और नुक्कड़ नाटक के जरिए हेलमेट पहनने व रेड लाइट का उल्लंघन न करने की अपील की गई। इस दौरान यातायात जागरूकता में सहयोग देने वाले नागरिकों व संस्थाओं को पुरस्कृत भी किया गया। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान को जनभागीदारी से बड़ी सफलता मिल रही है। लोग अब स्वयं जागरूक हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से अक्षम लोगों को जनसहयोग से पिछले कई महीनों से नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए जा रहे हैं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोका जा सके। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जिम्मेदार नागरिक बनकर यातायात नियमों का पालन करें। अभियान के अंत में पुलिस आयुक्त ने सभी से इसी प्रकार पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया। प्रकाश/05 मई 2026