जबलपुर (ईएमएस)। हाईकोर्ट के सामने स्थित हजरत ख्वाजा अमीनुद्दीन चिश्ती (कचहरी वाले बाबा) रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स इस वर्ष 9 मई से बड़े अदब-ओ-एहतराम और अकीदत के साथ मनाया जाएगा। पांच दिवसीय इस उर्स में प्रदेश सहित देशभर से हजारों जायरीन के पहुंचने की उम्मीद है, जिसके मद्देनज़र दरगाह परिसर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। दरगाह के खादिम-ए-आला चंगेज खान अशरफी के अनुसार, उर्स शरीफ का आगाज़ 9 मई की रात 9 बजे महफिल-ए-मीलाद शरीफ से होगा। इसके बाद दरगाह में लगातार धार्मिक कार्यक्रम, फातिहा, दुआ और इबादत का सिलसिला जारी रहेगा। उर्स का मुख्य आकर्षण 10 मई को निकलने वाला शाही सन्दल जुलूस रहेगा। यह जुलूस खादिम मरहूम चांद खां के निवास, नया मोहल्ला से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए दरगाह शरीफ पहुंचेगा। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे। कव्वाली की महफिलें भी उर्स की शान मानी जाती हैं। कचहरी वाले बाबा की दरगाह पर होने वाली कव्वालियां पूरे मध्यप्रदेश में खास पहचान रखती हैं। इस वर्ष 11 मई को दिल्ली के मशहूर कव्वाल जनाब रफीक आफताब साबरी अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे, जबकि 12 मई को राजस्थान के कपासन से आए जनाब नुसरत कादरी अपनी कव्वाली से महफिल को रौशन करेंगे। उर्स के दौरान दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में रौनक बढ़ जाएगी। जायरीन के लिए लंगर, पानी और अन्य सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की जा रही है। यह आयोजन हर साल की तरह इस बार भी आपसी भाईचारे, मोहब्बत और अमन का पैगाम देगा। सुनील साहू / मोनिका / 06 मई 2026/ 02.40