जयपुर (ईएमएस)। जल संसाधन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं के कार्यों में मानक सामग्री का उपयोग नहीं पाए जाने पर 3 अभियंताओं को निलम्बित किया गया है। साथ ही, 3 अभियंताओं को चार्टशीट दी गई है। जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता (प्रशासन) ने 5 मई को आदेश जारी किया है। इसमें दायीं मुख्य नहर सीएडी चम्बल कोटा में चल रहे निर्माण कार्यों में अनियमितता पाए जाने पर दायीं नहर उपखंड सीएडी अंता के कनिष्ठ अभियंता नेमीचंद बैरवा, सोनू कुमार गोचर और दीपक चौधरी को निलम्बित किया गया है। दायीं मुख्य नहर खंड द्वितीय सीएडी चम्बल कोटा के अधिशाषी अभियंता हेमराज मीणा, सहायक अभियंता एवं तकनीकी सहायक नरेश मालव और दायीं नहर खंड सीएडी चम्बल अंता के सहायक अभियंता अमित कुमार बोहरा पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ की गई है। इस मामले में संबंधित संवेदकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही हैं। जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी स्तर पर घटिया सामग्री पाए जाने पर सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। यह विषय जानकारी में आने पर अधीक्षण अभियंता सिंचाई वृत सीएडी कोटा एवं अधीक्षण अभियंता गुण नियंत्रण इकाई कोटा द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण करवाया गया था। उन्होंने बताया कि दोषपूर्ण कार्यों को चिन्हित कर उन्हें हटाया जा रहा है। अशोक शर्मा/ 5:30 बजे/ 6 मई 2026