क्षेत्रीय
06-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में हुई चेन झपटमारी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक मुख्य आरोपी के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार किया है। यह मामला अपराध क्रमांक 137/2026 के तहत दर्ज किया गया था। प्रार्थिया हेमलता वैध ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 6:40 बजे शंकर नगर स्थित चावला टावर के पास एक अज्ञात बाइक सवार ने उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया था। वारदात के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की और 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची। जांच में मुख्य आरोपी विवेक उर्फ छोटू वर्मा (32 वर्ष, निवासी तिल्दा नेवरा) को गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि लूटी गई चेन उसने प्रशांत उर्फ संतु केशरवानी नामक ज्वेलर्स को बेच दी थी। इसके बाद पुलिस ने ज्वेलर्स प्रशांत केशरवानी (32 वर्ष, निवासी तिल्दा नेवरा) को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने सोने की चेन को गलाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 16 ग्राम सोना, 1 लाख 50 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। फिलहाल दोनों आरोपियों से आगे पूछताछ जारी है और पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। - (ईएमएस) 06 मई 2026