क्षेत्रीय
06-May-2026
...


ग्वालियर (ईएमएस)| नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बुधवार सुबह निर्माणाधीन प्रोजेक्टों का निरीक्षण किया। महाराज बाड़ा पर स्मार्ट सिटी द्वारा बनाई जा रही मल्टी लेवल पार्किंग में पूर्व के निरीक्षण में दिए गए निर्देशों के पूर्ण नहीं होने पर उन्होंने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की। इसके बाद उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत लगाई गई शीतल जल प्याऊ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री पवन सिंघल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने सबसे पहले नगर निगम परिषद की निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां पर अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके बाद निगमायुक्त ने जिंसी नाला नंबर 1 में चल रहे जनगणना के कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारी द्वारा एकत्रित की जा रही जानकारी को एवं एकत्रित करने के कार्य को देखा और कर्मचारी द्वारा किए जा रहे बेहतर कार्य को लेकर प्रशंसा की। इसके बाद निगमायुक्त ने महाराज बाड़ा स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण कार्य को देखा। निर्माण कार्य के दौरान उन्होंने पूर्व में बताए गए कार्यों का विवरण मांगा तो स्मार्ट सिटी के अधिकारी स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाये जिस पर निगमायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए पूर्व में बताए गए कार्यों को पूर्ण करने एवं लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शिंदे की छावनी पर बनाई गई शीतल जल प्याऊ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें प्याऊ खाली मिली, निगमायुक्त ने इस पर नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित अधिकारी को शहर की सभी शीतल जल प्याऊ को ठीक से  संचालित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही शिंदे की छावनी स्थित सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शौचालय पर दिव्यांगजन को शौचालय तक पहुंचने के लिए रैम्प बनाने के निर्देश दिए। साथ ही शौचालय में सिविल वर्क एवं पेंटिंग कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही शिंदे की छावनी स्थित कॉलोनी में बनाए गए पार्क का भी निरीक्षण किया।